नई दिल्ली, 9 नवंबर — भगवान महावीर के 2553वें निर्वाण कल्याणक और जैन दीपावली के पावन अवसर पर सोमवार को आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय वेबिनार में आध्यात्मिक चिंतकों, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और जमीनी समाजसेवियों ने भगवान महावीर के अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांत के सिद्धांतों को वैश्विक जलवायु संकट, जीव कल्याण और सामाजिक शांति का एकमात्र व्यवहारिक समाधान बताया।
आजादी का अमृत काल महोत्सव की राष्ट्रीय जनभागीदारी श्रृंखला के तहत राम जानकी संस्थान पॉजिटिव ब्रॉडकास्टिंग हाउस के संस्थापक व राष्ट्रीय संयोजक उदय कुमार मन्ना द्वारा इंडियन वेजिटेरियनस एंड वीगन्स सोसाइटी , लंदन, यूके के सहयोग से 697वें कार्यक्रम में देश भर में 118 गो-चिकित्सालयों की स्थापना, जैन आगमों से व्यावहारिक जीवन सूत्र संकलित करने और बेजुबान पशुओं व असहाय मनुष्यों के संरक्षण से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं की गईं।
अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को आचार्य विवेक मुनि का सानिध्य मिला। वेबिनार को संबोधित करते हुए सुशील मुनि मिशन के आचार्य विवेक मुनि ने कहा कि भगवान महावीर ने 72 वर्ष की आयु में से 32 वर्ष केवल ज्ञान प्राप्त करने के बाद संपूर्ण मानवता को अहिंसा, शांति, करुणा और सह-अस्तित्व का मार्ग दिखाने में व्यतीत किए। उन्होंने कहा कि सृष्टि के 84 लाख योनियों के जीवों के साथ मनुष्य का अस्तित्व जुड़ा हुआ है और किसी एक जीव के साथ की गई हिंसा प्रकृति के संतुलन को बिगाड़ देती है। आचार्य विवेक मुनि ने चेताया कि आज विश्व जिस ग्लोबल वार्मिंग, पिघलते ग्लेशियरों, धधकते जंगलों और तीसरे विश्व युद्ध के मुहाने पर खड़ा है, उसका समाधान महावीर के जियो और जीने दो के संदेश में निहित है। उन्होंने रेखांकित किया कि पतंजलि के योगसूत्र के यम और दुनिया के तमाम संविधान भी अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह को स्वीकार करते हैं, क्योंकि अत्यधिक संग्रह और जमाखोरी ही समाज में अभाव, भुखमरी और असंतोष को जन्म देती है।
लंदन से जुड़े मुख्य अतिथि एवं इंडियन वेजिटेरियन सोसाइटी के संस्थापक नितिन मेहता (एमबीई) ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति इसलिए अमर रही क्योंकि यह छोटे से जीव की भी रक्षा करने की भावना सिखाती है। उन्होंने पश्चिमी देशों में शाकाहार के तेजी से बढ़ते प्रभाव की जानकारी देते हुए बताया कि ब्रिटेन की राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा अब हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों से बचने के लिए मांसाहार त्यागने और फल-सब्जियां खाने की सलाह दे रही है। कई यूरोपीय नगरों में मांसाहार के विज्ञापनों पर प्रतिबंध लग चुके हैं। उन्होंने पर्यावरण संकट का उल्लेख करते हुए कहा कि धरती पर 8 अरब मनुष्यों के उपभोग के लिए प्रतिवर्ष 100 अरब जीवों को पैदा कर पालना वैश्विक जल और खाद्यान्न संसाधनों पर असहनीय बोझ डाल रहा है, जिससे सूखा और तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने अहिंसा को दुर्बलों की रक्षा करने वाले वीरों का गुण बताते हुए सभी को शाकाहार अपनाने का संकल्प दिलाया।
जैन इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन के कार्यकारी अध्यक्ष एवं श्री दिगंबर जैन महासमिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मनिंद्र जैन ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भगवान महावीर स्वामी और गौतम गणधर के बीच हुए canonical संवादों को आधुनिक परिप्रेक्ष्य में सामने लाने की बात कही। उन्होंने बताया कि दिगंबर परंपरा में लगभग 60 हजार प्रश्न दर्ज हैं और उन्होंने पुणे में चतुर्मास कर रहे दिगंबर साधु डॉ. प्रणाम सागर जी महाराज से आग्रह किया है कि वे इनमें से ऐसे 500 प्रश्नों का संकलन तैयार करें जो आम इंसान को अवसाद, भ्रम और जीवन-मरण की उलझनों से मुक्त कर सही दिशा दे सकें। आचार्य विवेक मुनि ने इस सुझाव का समर्थन करते हुए कहा कि श्वेतांबर परंपरा के भगवती सूत्र में भी लगभग 36 हजार प्रश्न उपलब्ध हैं, जिनका संकलन कर समाज के सामने प्रस्तुत किया जाना समय की मांग है।
डॉ. मनिंद्र जैन ने देश भर में 118 गो-अस्पताल स्थापित करने के संकल्प की प्रगति साझा करते हुए बताया कि झांसी में संस्था का तीसरा अस्पताल निर्माणाधीन है। इसके अतिरिक्त योग गुरु बाबा रामदेव ने ऋषिकेश में, इम्फाल में सुरेश जैन ने और होशियारपुर में आचार्य विवेक मुनि ने गो-अस्पतालों के निर्माण हेतु एक-एक एकड़ भूमि उपलब्ध कराई है। आगामी आयोजनों का उल्लेख करते हुए डॉ. जैन ने बताया कि 14 नवंबर को इंदौर में कार्यक्रम के बाद 21 नवंबर को मुंबई में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की उपस्थिति में एक भव्य सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे, जबकि 18 से 20 नवंबर तक श्रीलंका में आयोजित सीता उत्सव में भारत के केंद्रीय मंत्रियों और राजनयिकों के साथ सहभागिता करेंगे। उन्होंने आरजेएस के मारवाह स्टूडियोज नोएडा में 14 फरवरी को ग्लोबल फेस्टिवल आफ जर्नलिस्टज्म में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की घोषणा की ।
जमीनी स्तर पर जीव सेवा कर रहे प्रतिनिधियों ने अपनी कार्ययोजना और चुनौतियों को साझा किया। बागपत के जीव दया संस्थान के संस्थापक मनोज जैन ने बताया कि 2016 में 1,000 वर्ग गज से शुरू हुई उत्तर भारत की एकमात्र बकराशाला अब 45,000 वर्ग गज में फैल चुकी है, जहां 900 के करीब बकरों का 16 कर्मचारियों और 3 चिकित्सकों की देखरेख में आजीवन पालन-पोषण किया जा रहा है। उन्होंने हाल ही में गुलावठी से 14 लाख रुपये में 123 बकरों को खरीदकर अभयदान दिया। संस्थान 10 किलोमीटर के दायरे में पक्षी एंबुलेंस सेवा, 8 से 10 हजार पक्षियों की क्षमता वाला 45 मंजिला पक्षी घर, और मानसिक रूप से विक्षिप्त लावारिस लोगों के लिए मानव सेवा आश्रम संचालित कर रहा है, साथ ही गाजीपुर मंडी से बचाकर प्रति माह 50 से 60 हजार जीवित मछलियों को जल स्रोतों में विसर्जित करता है।
सीतापुर में पशु सेवा समिति के संस्थापक विजय कुमार सेठ ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा संचालित गो कृपा रसोई निरंतर 1,303 दिनों से सक्रिय है। यह रसोई जरूरतमंदों को रियायती दर पर सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ दिव्यांगों, विक्षिप्तों, संतों और निराश्रित पशुओं को पूर्णतः निःशुल्क भोजन प्रदान करती है।
राजधानी दिल्ली में पशु संरक्षण के अनुभवों को रखते हुए रोहिणी की पशु पालक कृष्णा देवी ने बताया कि वे अपने व्यक्तिगत खर्च पर गली के श्वानों का टीकाकरण, नसबंदी और उपचार करती हैं, लेकिन समाज में पशु प्रेमियों को गंभीर विरोध और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। रोहिणी सेक्टर-3 के तरुण हांडा ने निराश्रित पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने और सर्दियों में उनके लिए आश्रय बनाने की अपील की। वहीं हंक पेट शॉप के संचालक कुशाग्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने 17 वर्ष की आयु से सर्दियों में बेजुबान जानवरों को ठंड से बचाने के लिए कम लागत वाले बोरी बेड बनाने शुरू किए थे, जिसे आज देश भर में 5 से 10 हजार की संख्या में उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर पॉजिटिव मीडिया के संस्थापक उदय कुमार मन्ना ने कहा कि महापुरुषों के विचारों और सकारात्मक मानवीय कार्यों का दस्तावेजीकरण आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इन सभी सेवा कार्यों को संस्था की आगामी 200 पृष्ठीय पुस्तक में संकलित कर 15 से अधिक देशों में पहुंचाया जाएगा, तथा जनवरी 2027 में 20 दिवसीय विशेष राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संवाद श्रृंखला का आयोजन होगा।
RJS POSITIVE MEDIA
M.+91 8368626368.
www.rjspbh.com
Post a Comment