नई दिल्ली, 3 अगस्त। द्वारका सेक्टर-3 के पॉकेट-16 स्थित आदर्श अपार्टमेंट एवं पालम ड्रेन के मध्य से होकर सेक्टर-2 को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क आज सरकारी उदासीनता और रखरखाव के अभाव का प्रतीक बन चुकी है। इस मार्ग से प्रतिदिन मधु विहार एवं आसपास की कॉलोनियों के हजारों नागरिक, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक तथा स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं, लेकिन वर्षों से स्ट्रीट लाइटें बंद होने और सड़क की बदहाल स्थिति के कारण यह मार्ग दुर्घटनाओं एवं असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है।
फेडरेशन ऑफ साउथ एंड वेस्ट डिस्ट्रिक्ट वेलफेयर फोरम के चेयरमैन एवं राष्ट्रीय युवा चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणबीर सिंह सोलंकी ने बताया कि वर्ष 2022 में मधु विहार आरडब्ल्यूए के निरंतर प्रयासों के बाद बाढ़ नियंत्रण विभाग ने इस सड़क का निर्माण कराया तथा विद्युत पोल लगाए। इसके बाद वर्ष 2023-24 में स्ट्रीट लाइट लगाने के उद्देश्य से अतिरिक्त पोल एवं सुरक्षा दीवार का निर्माण भी किया गया, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण आज तक इन पोलों पर लाइटें चालू नहीं की गईं।
उन्होंने कहा कि रखरखाव के अभाव में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है, सुरक्षा दीवार की ईंटें गिर रही हैं तथा कई विद्युत पोल झुक चुके हैं, जबकि कुछ गिरने की स्थिति में हैं। शाम ढलते ही पूरा मार्ग अंधकार में डूब जाता है, जिससे महिलाओं, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों में भय का वातावरण बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार अंधेरे का लाभ उठाकर असामाजिक तत्व भी सक्रिय हो रहे हैं।
रणबीर सिंह सोलंकी ने कहा—
"यह केवल एक सड़क का मामला नहीं, बल्कि हजारों नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान का प्रश्न है। जब सरकारी विभाग स्वयं लगाए गए बिजली के पोलों पर वर्षों तक लाइटें नहीं जला पाते, तो यह प्रशासनिक उदासीनता का स्पष्ट प्रमाण है।"
उन्होंने आगे कहा—
"हर दिन महिलाएं, छात्र और बुजुर्ग इसी मार्ग से गुजरते हैं। यदि किसी दुर्घटना या आपराधिक घटना की जिम्मेदारी तय करनी पड़े, तो संबंधित विभाग अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकता।"
सोलंकी ने माननीय उपराज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री, दिल्ली सरकार से मांग की है कि इस मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, सभी विद्युत पोलों पर स्ट्रीट लाइटें तत्काल चालू कराई जाएं, क्षतिग्रस्त सड़क एवं सुरक्षा दीवार का पुनर्निर्माण कराया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन शुरू करने पर भी विचार किया जाएगा।
— जारीकर्ता —
रणबीर सिंह सोलंकी
चेयरमैन, फेडरेशन ऑफ साउथ एंड वेस्ट डिस्ट्रिक्ट वेलफेयर फोरम
राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय युवा चेतना मंच
Post a Comment